Wednesday, 19 March 2014

यवनिका...

यवनिका और गगनिका
के बीच
एक छोटी सी जगह
सिमट जाती है जिसमे
सारी दुनिया
अमेरिका, रोम और
रसिया ।
समस्त सभ्यता
सारी संस्कृति
युद्ध और शान्ति
संदेश और क्रान्ति
सुख – दुख
आंसू – हंसी
और एक कलाकार की
सम्पूर्ण संतुष्टि…………।

           धर्मेन्द्र मन्नु

Monday, 17 March 2014

सहमी सहमी हर एक नज़र क्यो है...

सहमी सहमी हर एक नज़र क्यो है।
सबके हाथों में एक खंज़र क्यो है।

सबके दामन में लहू दिखता है
शहर ये बन गया जंगल क्यों है।

दूर तक दिखती नही परछाई
सूना सूना सा हर डगर क्यों है ।

अपनों की भींड में सब अजनबी है
दिलों में इस कदर नफ़रत क्यों है।

सर्द रातों में जागती आंखें
आंखों से नींद दरबदर क्यों है।

धर्मेन्द्र मन्नु

मोहब्बत कभी ना हमें रास आई...

मोहब्बत कभी ना हमें रास आई।                      
जब भी दिल दिया तो चोट खाई।

उम्र भर जिनका इन्त्ज़ार किया मैने
मेरे वास्ते एक पल भी ना गवाई।

उनके दर्द से रिश्ता जोडा था मैने
वह न बांट सके थोडी सी तन्हाई।

जब जब बिछे हम उनकी राहों में
तब तब उन्होनें एक ठोकर लगाई।

रात काजल सी कटी मेरी
उन्होने खुब रौशनी जलाई।

धर्मेन्द्र मन्नु

मेरी तन्हाई पर मुस्कुराते रहे...

मेरी तन्हाई पर मुस्कुराते रहे
वह शरेशाम महफ़िल सजाते रहे

हम तो उनके ही गम में तडपते रहे
वह हमारे जिगर को जलाते रहे

हम तो जीते रहे उनको ही देखकर
वह तो हमसे ही नज़रें चुराते रहे।

धर्मेन्द्र मन्नु


जज्बा-ए-इश्क़ निकल जाएगा रफ़्ता रफ़्ता...

जज्बा-ए-इश्क़ निकल जाएगा रफ़्ता रफ़्ता।
दिल मेरा उनको भूल जाएगा रफ़्ता रफ़्ता।

अभी ये हाल तडपते हैं हम उनके ग़म में
दर्द है जो दवा बन जाएगा रफ़्ता रफ़्ता।

उनसे बिछडे अभी तो कुछ ही साल बीते हैं
वक्त मरहम तो लगाएगा पर रफ़्ता रफ़्ता।

ज़िन्दगी मौत से बदतर अभी तो लगती है
मौत ही ज़िन्दगी बन जाएगी रफ़्ता रफ़्ता।

चरागे इश्क जल रहा है जो मेरे दिल में
जलते जलते वो भी बुझ जाएगा रफ़्ता रफ़्ता।

वक्त से पहले मैं क्यो मौत को लागाऊं गले
ज़िन्दगी खत्म हो ही जाएगी रफ़्ता रफ़्ता।

पहल करुं मैं क्यों,मैं क्यों क़दम बढाऊं आखिर
मौत जब खुद ही पास आएगी रफ़्ता रफ़्ता।
धर्मेन्द्र मन्नु

सिर्फ़ तुम्हे………

तुम समा गई हो
मेरे वजूद में
जैसे समा जाता है
सूरज
वृक्ष की हरी पत्तियों में
समा जाती हैं बारिश की बूंदें
धरती के रोम रोम में
और कोयल की कूक
सूने मन में ।
मैं नही जानता, ये
सच है या छलावा
मगर इन सारी संभावनाओं से
परे,
सच के झूठ होने तक
अपने पूरे वजूद के साथ
जीना चाहता हूंमैं
तुम्हे,
सिर्फ़ तुम्हे………



            धर्मेन्द्र मन्नु 

तुम्हारी खामोशी……

जब मैने कहा था
एक सत्य
अपने आधे पके आधे कच्चे
शब्दों में,
रात के अंधेरे में बजी होंगी
घंटियां तुम्हारे कानों में
मेरे असिम आग्रह की,
क्या तुमने सचमुच
नही समझा था
मेरा सत्य।
बह रहा था जब
मेरा सत्य, तुम्हारी खामोशी
के साथ, हवाओं में
क्या नही था एहसास
तुम्हे उस ऊंचाई का ।
आज जब कि तुम्हारी खामोशी
बिखर चुकी है
टूट कर,
और मेरा सत्य
लटका है त्रिशंकू की तरह
अनंत ऊंचाई में
असहाय ।
समझ पा रहा मैं
कौन है गुनहगार
मेरा सत्य या
तुम्हारी खामोशी……

               धर्मेन्द्र मन्नु