Monday, 17 March 2014

तुम्हारी खामोशी……

जब मैने कहा था
एक सत्य
अपने आधे पके आधे कच्चे
शब्दों में,
रात के अंधेरे में बजी होंगी
घंटियां तुम्हारे कानों में
मेरे असिम आग्रह की,
क्या तुमने सचमुच
नही समझा था
मेरा सत्य।
बह रहा था जब
मेरा सत्य, तुम्हारी खामोशी
के साथ, हवाओं में
क्या नही था एहसास
तुम्हे उस ऊंचाई का ।
आज जब कि तुम्हारी खामोशी
बिखर चुकी है
टूट कर,
और मेरा सत्य
लटका है त्रिशंकू की तरह
अनंत ऊंचाई में
असहाय ।
समझ पा रहा मैं
कौन है गुनहगार
मेरा सत्य या
तुम्हारी खामोशी……

               धर्मेन्द्र मन्नु

Sunday, 16 March 2014

वो हार रहे हैं…?

वो हार रहे हैं…
रोज़ जंग हार रहे है…
जब बारूद लगाकर
बेदर्दी से उड़ा दिये जाते हैं
तो वो भी चीखते हैं…
उसी तरह जैसे
बम के धमाको में
इन्सान्…
जब उनके शरीर पर
आरियां और कुल्हाड़िया
चलती है तो वो भी
हंकरते हुए उसी तरह
ज़मीन पर गीरते हैं
जैसे इन्सान…
मगर वो लड़ रहे हैं…
एक गुरिल्ला युद्ध की तरह…
जब भी मौका मिलता है
टूट पड़ते हैं आसमान से…
ज़मीन से…
और अपने हर दर्द की भड़ास
निकालते हैं और फ़िर
अटहास करते है…
जैसे हमलों के बाद
नक्सलाईट जंगलों में

जश्न मनाते हैं…

धर्मेन्द्र’मन्नु

मुझे आदमखोर ना बनाना…

पिता तुम इतने
स्वार्थी क्यों हो
मेरे भविष्य की चिन्ता में
तुम इतने मतलबी हो गये हो…
कि दूसरों के बच्चों की तुम्हे
कोई फ़िकर नही होती है…
जब तुम किसी मज़दूर से काम लेते हो…
उसकी मज़दूरी का एक
हिस्सा मार जाते हो
जब किसी सरकारी आफ़िस में काम करते हो…
घुसखोरी के नये कीर्तीमान
स्थापित करते हो…
नेता बनते ही घोटालों का इतिहास रच देते हो…
जहां जिस पद पे रहे हो…
मेरे लिये लाखो बच्चों का हक़ मारा…
दूध, अन्न, स्कूल, स्लेट, पेंसिले छीन ली…
किसी बच्चे को भीख मांगते देख कर
एक पल के लिये भी
तुम्हारा मन नही पसीजता
कि ये भी किसी के बच्चे हैं…
मुझे एसी में रखने के लिये ना जाने
कितने लोगों के सर के पंखे बेंच दिये…
मुझे कार देने के लिये
कितने बच्चों को साइकिलें भी मयस्सर ना होने दी…
मुझे ऐशोआराम में रखने के लिये
ना जाने कितनों का खून चुसा, जान ली
मुझे इनकी ज़रुरत नही है
देखो ना मेरे हाथ पैर हिल रहे हैं
मैं लूला लगड़ा पैदा नही हुआ हूं
मुझे सिर्फ़ तुम्हारा अच्छा मार्गदर्शन चाहिये
पिता मुझे दूध पिलाना
किसी बेबस मजबूर का
खून ना पिलाना… मुझे अन्न खिलाना, 
किसी का मांस ना खिलाना
मुझे आदमखोर ना बनाना… 

धर्मेन्द्र मन्नु

मां मेरी…

मां मेरी…
जब से दूर हुआ हूं तुमसे
और ज़्यादा नज़दीक हुआ हूं
ऐसा नहीं था
पहले तुम्हारे करीब नहीं था
मगर इस गहराई का एहसास नही था
लेकिन आज इतना दूर होने के बाद
ऐसा लगता है
जैसे डूबा हुआ हूं मैं तुझमें
चारो ओर हवा-पानी बन कर
फैली हो तुम…
हर चेहरा तुम सा लगता है…
सबकी आंखों में दिखाई देता है
तुम्हारा प्यार
छिप जाना चाहता हूं
सबकी गोद में
बन कर तुम्हारा बेटा…
सर रख कर सोना चाहता हूं
सबकी गोद में।

जब कभी अकेलेपन का
दर्द कचोटता है,
चाहता हूं बुला लूं तुम्हे
शब्दों के सहारे अपने पास
मगर तुम्हारा प्रेम
तुम्हारा स्नेह
तुम्हारी विशालता
मेरे छोटे छोटे शब्दों में
बंध नहीं पाते
शब्द जालों को तोड़कर
अनन्त ब्रह्मांड में फैल जाते हैं…
मेरे कमज़ोर शब्द
टूट टूट कर पन्नों से
परे बिखर जाते हैं
और कोरे कागज पर
बच जाता है
सिर्फ़ एक शब्द
‘मां’
और आंखों से टपके
तेरी यादों के चंद मोती…

धर्मेन्द्र’मन्नु’

Thursday, 12 December 2013

उठो चलो बढाओ कदम

उठो चलो बढाओ कदम
जब तलक है दम में दम

मंज़िलों के आगे भी हैं
और मंज़िलें कई
खत्म हुई राह एक
दूसरी शुरु हुई
पडाव दर पडाव
नई पर्वतें चढेंगे हम

मोतियों के वास्ते
समन्दरों को छान लें
रौशनी के वास्ते
सूरज को आओ बांध लें
जगत के जर्रे जर्रे में
रौशनी भरेंगे हम

हवा से तेज़ बहते हैं
नदी से तेज़ धार है
सीने में हैं सच्चाईयां
होंठों पे प्रेम राग है…
ठान लेंगे दिल में जो

तो दुनिया को बदलेंगे हम्…

Dharmendra Mannu

Saturday, 18 May 2013

और दीवारों के गाल सुर्ख हो गये……


आज जब मैने बन्द कमरे से
खुद को उठाकर
सीधा उदग्र
लम्बी सी सड़क के उपर
रखा और कहा
ले चलो वहां जहां
ले जाना चाहो……
तो सड़क मुस्कुरा कर चल पड़ी
जब पंछी चहक रहे थे
और उनके सुर में सुर मिलाने के लिये
मैने गाना चाहा तो
हवाओं ने पेड़ की साखों पे
थपकियां देकर
साज़ बजाना शुरु कर दिया,और
पत्ते मंद मंद झूमने लगे
ये देखकर सूरज
हौले से हंस पड़ा
और उसके होंठो से
रंग झड़ने लगे,और मैं
उसमें भींगने लगा।
लौटा तो दीवारों ने घेर लिया
और कहा —
कहां चले गये थे
छोड़ कर हमें
उदास तन्हा अकेला ?
सुनकर ये मैने
खिड़कियां खोल दी और
जेब से रंग निकाल कर
फेंकने लगा उनपर
दोनो हाथों से, और
दीवारों के गाल सुर्ख हो गये……
                     धर्मेन्द्र मन्नु

Sunday, 17 June 2012

तुम्हारे जाने के बाद....


तुम्हारे जाने के बाद सोचुंगा मैं, जब ये दुनिया विरान हो जाएगी हवाओ मे तैरती खुशबू नही रहेगी चांद बदरुप हो जाएगा और चांदनी फ़िकी फ़िकी… पल सदियों में तब्दील हो जाएँगे … मगर मत कहो अभी कि एक ज़िन्दगी है इस हद से बाहर भी कहीं… अभी ये बातें मेरी समझ से परे है मैं सोचुंगा उसके बारे में तुम्हारे जाने के बाद मैं सोचुंगा मैने क्या खोया क्या पाया तुम्हारे साथ तुम्हारे जाने के बाद्… धर्मेन्द्र मन्नु