Wednesday, 19 March 2014

डर लगता था...

डर लगता था
पहले
एकांत निर्जन और सुनसान जगहों से
गुजरते हुए…
दिखता जाता था कोई अगर
अचानक
तो मिलता था सुकुन कि
कोई तो मिला…
ऐसा था विश्वास इंसान का
इंसान पे…

आज
गुजरते हुए सुनसान रास्तों से
अगर कोई मिलता है…
तो डर जाता है मन
न जाने कौन है…
कैसा है…
क्या होगा…
ज़माना बहुत बदल गया है…
दादा जी कहते हैं…

            धर्मेन्द्र मन्नु

एक सवाल चिपक गया है...

एक सवाल चिपक गया है
ज़बान से
जैसे चिपका होता है
स्वाद
ढूंढता हूं हल
पूछता हूं घर की
नोनी लगी लाल ईटों से
और टपकने लगता है उनसे खून,
पूछता हूं बंजर पडी खेतों से
और फट जाती हैं दरारें गहरी,
ठूंठ पेंड़ों से, सूखे कूंओं से,
जली रोटीयों से,
उन आंखों  से जिनके आंसू
सूख चुके हैं शायद
और जो मिलता है जवाब
होता है इतना कड़वा
कि नही उतरता हलक के नीचे
पूछता हूं सूरज से
और जलने लगता हूं
उसकी तपिश में
पूछता हूं चांद से, और
पाता हूं अपने को
घुप्प अंधेरों में
और डर जाता हूं मैं।
डर जाता हूं अपने सवाल की
भयावहता से।
सोचता हूं इसे चिपका दूं
तुम्हारे माथे पे
बना कर एक बिंदी
और खो जाऊं तुम्हारी सुंदरता में
भयावह अंधेरों से दूर
कडवी सच्चाईयों से आंखें मूंद कर्……………।
                                    धर्मेन्द्र मन्नु


ऐसा रोज़ होता है....

दैत्य के भयानक पंजे की तरह
गिरता है एक जाल
दबोच लेता है
मछलियों को
और निकल आता है
किसी सतह पर
और ऐसा रोज़ होता है
उनके साथ
अनगिनत बार……
मछलियां भी जलाती होंगी
मोमबती,
अपनी छोटी सी दुनिया में कहीं
किसी पत्थर के सामने
अपनों के मरने पर ,बिछड़ने पर
बहाती होंगी आंसु ।

बहेलिया आता है , लगाता है
जाल
बैठते हैं निरिह पंछी, फ़ंसते हैं
कैद होकर टंग जाते हैं
किसी आंगन
या खिड़की पर उम्र भर के लिये
लड़ते हैं आपस में
रोम के गुलामों की तरह
करते हैं मनोरंजन
या फिर
बन जाते हैं निवाला ।
क्या कोई ऐसा भी दिन
आयेगा, मछलियां फाड़ देंगी जाल
पंछी टकरा जायेंगे बन कर
आत्मघाती दस्ता
हवाईजहाज़ों से
कोई चिड़िया
चोच में लेकर आग
गिरा देगी बस्तियों पर
एक संवेदन हीन सभ्यता से
रची बसी बस्तियों पर…………

                         धर्मेन्द्र मन्नु

यवनिका...

यवनिका और गगनिका
के बीच
एक छोटी सी जगह
सिमट जाती है जिसमे
सारी दुनिया
अमेरिका, रोम और
रसिया ।
समस्त सभ्यता
सारी संस्कृति
युद्ध और शान्ति
संदेश और क्रान्ति
सुख – दुख
आंसू – हंसी
और एक कलाकार की
सम्पूर्ण संतुष्टि…………।

           धर्मेन्द्र मन्नु

Monday, 17 March 2014

सहमी सहमी हर एक नज़र क्यो है...

सहमी सहमी हर एक नज़र क्यो है।
सबके हाथों में एक खंज़र क्यो है।

सबके दामन में लहू दिखता है
शहर ये बन गया जंगल क्यों है।

दूर तक दिखती नही परछाई
सूना सूना सा हर डगर क्यों है ।

अपनों की भींड में सब अजनबी है
दिलों में इस कदर नफ़रत क्यों है।

सर्द रातों में जागती आंखें
आंखों से नींद दरबदर क्यों है।

धर्मेन्द्र मन्नु

मोहब्बत कभी ना हमें रास आई...

मोहब्बत कभी ना हमें रास आई।                      
जब भी दिल दिया तो चोट खाई।

उम्र भर जिनका इन्त्ज़ार किया मैने
मेरे वास्ते एक पल भी ना गवाई।

उनके दर्द से रिश्ता जोडा था मैने
वह न बांट सके थोडी सी तन्हाई।

जब जब बिछे हम उनकी राहों में
तब तब उन्होनें एक ठोकर लगाई।

रात काजल सी कटी मेरी
उन्होने खुब रौशनी जलाई।

धर्मेन्द्र मन्नु

मेरी तन्हाई पर मुस्कुराते रहे...

मेरी तन्हाई पर मुस्कुराते रहे
वह शरेशाम महफ़िल सजाते रहे

हम तो उनके ही गम में तडपते रहे
वह हमारे जिगर को जलाते रहे

हम तो जीते रहे उनको ही देखकर
वह तो हमसे ही नज़रें चुराते रहे।

धर्मेन्द्र मन्नु